सिल्ली। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा, रांची जिला के तत्वावधान में रविवार को सिल्ली में हुई बैठक में इंडिया गठबंधन और कांग्रेस प्रत्याशी यशस्विनी सहाय को समर्थन देने पर विचार किया गया। बैठक में मोर्चा के संस्थापक एवं प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा, मान-सम्मान की रक्षा के लिए ही झारखंड आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया एवं शहादत दी। पुन: राजकीय मान सम्मान की रक्षा के लिए शहादत देनी पड़ी तो सबसे पहला नाम पुष्कर महतो का होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जबरदस्त चुनौती की स्थिति है। ऐसे में पंच परगना के लोगों को तय करना है कि झारखंड आंदोलनकारी की पुत्री यशस्विनी सहाय को चुनाव में समर्थन देंगे। अपने परिवार की शक्ति को मजबूत करेंगे।
एक और संघर्ष करने की आवश्यकता
केंद्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलनकारियों को अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए एक और संघर्ष करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झारखंड आंदोलनकारी जिला संयोजक रतन लाल महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के हितों की जो बात करेगा, लोकसभा चुनाव में उस राजनीतिक दल को ही समर्थन दिया जायेगा।
बैठक में इन्होंने दिया योगदान
कार्यक्रम का संचालन आंदोलनकारी लक्ष्मी नारायण महतो ने किया। इस मौके पर राहे बिनवाडीह के मुखिया श्याम सुंदर, बंता दक्षिणी के मुखिया गंगा नारायण सिंह मुंडा, सिल्ली के राजा पुष्पेंद्र नाथ शाहदेव, पूर्व प्राचार्य कन्हैया लाल महतो, विष्णु चरण गिरि, सैय्यद कमर आलम, शत्रुघ्न महतो, निवारण महतो, सनत कुमार राय, दुर्लभ चंद महतो, तारा माझी, तुलसीदास मांझी, फाल्गुनी यादव, दिनेश कुमार महतो, अशोक कुमार महतो, राम पदो महतो, अनिल कुमार महतो, श्रीधर महतो, पंकज कुमार रवि सहित अन्य उपस्थित थे।