-400 पार के नारा का असम सीएम ने खोला राज
-पीओके को भारत में मिलाया जायेगा: हिमंता बिस्व सरमा
-कांग्रेस मुस्लमानों को आरक्षण दे रही
-झारखंड भ्रष्टाचार में नंबर-1 बन गया है
रामगढ़/गिरिडीह। भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा लेकर चल रही है। भाजपा के इस नारा का राज असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने खोल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछली बार 300 पार का नारा दिया था। आप लोगों ने जिताया। भाजपा ने कश्मीर से 370 हटा दिया। राम मंदिर का निर्माण कराया। सीएए लागू कर दिया। अगर इस बार भाजपा को 400 सीटें मिलीं तो जानते हैं क्या होगा? सरमा ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा को 399 सीट आने से एतराज नहीं है। सरकार बनने से एतराज नहीं है, लेकिन 400 पार की बात होते ही एतराज हो जाता है। दरअसल भाजपा को 400 सीटें मिलने पर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को भारत में मिलाया जायेगा। मथुरा और ज्ञानव्यापी में निर्माण होगा। असम सीएम बुधवार को रामगढ़ और गिरिडीह में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हजारीबाग से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल और कोडरमा से अन्नपूर्णा देवी को जीताने की अपील की।

झारखंड को नंबर-1 होना चाहिए था:
उन्होंने कहा कि झारखंड बुरी हालत से गुजर रहा है, जबकि झारखंड में इतनी खनिज संपदा है कि इसे विकास के मामले में देश में नंबर-1 राज्य होना चाहिए था। ये कौन खा रहा है, कांग्रेस और जेएमएम वाले। यह राज्य भ्रष्टाचार में नंबर-1 बन गया है। उन्होंने विपक्ष द्वारा एजेंसियों पर सवाल उठाने पर कहा कि कांग्रेस और झामुमो वालों के घर में जो पैसा है, उसे उठाने के लिए इडी-सीबीआइ चाहिए। सांसद के घर से 350 करोड़ रुपये मिल रहे। मंत्री के निजी सचिव और नौकर के यहां से करोड़ों रुपये मिल रहे। जो भ्रष्टाचार है उसको रोकने के लिए इडी-सीबीआइ तो चाहिए ही।

बांग्लादेशी बदल रहे डेमोग्राफी:
हिमंता ने कहा कि पूरे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने के लिए भाजपा को 400 सीटें चाहिए। असम की तरह बांग्लादेशी झारखंड की डिमोग्राफी बदल रहे हैं, जबकि उनके तुष्टीकरण में झामुमो और कांग्रेस लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश में मुसलमानों को आरक्षण का कोई हक नहीं है। वह आरक्षण यहां के एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को मिलना चाहिए। कर्नाटक में ओबीसी का आरक्षण काट कर कांग्रेस ने मुसलमानों को दे दिया। अन्य राज्यों में भी जहां कांग्रेस और उनके गठबंधन की सरकार है, वहां पर ओबीसी के आरक्षण को काट कर मुसलमानों को दिया जा रहा है, लेकिन भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण खत्म कर देगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version