रांची। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को राज्य में संपन्न लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों को आशीर्वाद के लिए मतदाताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में भी लोगों का झारखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए कतारबद्ध होकर वोट करना यह साबित करता है कि हमारा लोकतंत्र कितना मजबूत है।
सुप्रियो ने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में समायोजित पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्र में ओड़िशा के राज्यपाल रघुवर दास का मतदान करना हतप्रभ करता है। किसी भी राज्य का राज्यपाल उस राज्य का प्रथम नागरिक होता है और उनसे यह अपेक्षा होती है कि वह अपने राज्य के संवैधानिक प्रमुख होने के नाते उस राज्य में मतदान करें, ताकि मतदाताओं के लिए एक उत्साहवर्धक संदेश प्राप्त हो। इस मामले में झारखंड के प्रथम नागरिक राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन का रांची में मतदान करना एक उदाहरण है। कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग को भी यह संज्ञान लेना चाहिए कि वह कौन सी परिस्थिति हुई कि ओड़िशा के राज्यपाल को गृह राज्य में आकर मतदान करना पड़ा। उनका यहां मतदान करना स्थानीय प्रशासन को प्रभावित करना एवं मतदाताओं को भ्रमित करने का एक निंदनिय प्रयास है, जो लोकतंत्र के संघीय ढांचे के लिए अशुभ है।