रांची। रांची लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा के समक्ष यशस्विनी ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान यशस्विनी सहाय के पिता पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित अन्य मौजूद थे। नामांकन कर बाहर निकलने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय ने कहा कि उन्हें जनता का प्यार और समर्थन मिलेगा। चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल करने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सांसद संजय सेठ को महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य विषयों पर जनता को जवाब देना होगा।

नये जीवन की शुरूआत: सुबोधकांत
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि उनकी बेटी आज से नये जीवन की शुरूआत कर रही है। उनकी बेटी सोशल एक्टिविस्ट रही है, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है। जनता उसे आशीर्वाद देगी। वह पेशे से अधिवक्ता है। झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि पूरे राज्य में इंडी गठबंधन की लहर है। सभी 14 सीटों पर गठबंधन की जीत होगी।

बाहरी नहीं खतियानी हूं, झारखंड की बेटी हूं: यशस्विनी
यशस्विनी सहाय ने जनसभा में कहा कि झारखंड की बेटी हूं। खतियानी हूं। वकालत बाहर की। मुझे समझ में आया कि मुझे लोगों की मदद करनी है। इसलिए मैंने चुनावी में आने का फैसला किया। सबने झारखंड की धरती का सम्मान बढ़ाया है। इंसानी जिंदगी इसलिए मिली है। कहा कि हम केवल आपका वोट नहीं चाहते है। हमें सेवा का मौका दें। हमें आशीर्वाद दें हम न्याय पत्र की बात कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अच्छे दिन का वादा कर नफरत फैलायी। लोगों के मौलिक अधिकार छीन लिये गये। किसी के अच्छे दिन आये। न्याय पत्र में केवल शब्द नहीं है। इसमें हर वर्ग के लिए न्याय है। महिलाओं को 1 लाख रुपये सालाना मिलेगा। सरकारी नौकरी में महिलाओं में 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। कहा कि पहली नौकरी पक्की होगी, कांग्रेस के शासन में। झारखंड की धरती में खेल प्रतिभा है। उभरते खिलाड़ियों को 10 हजार रुपए महीने मिलेंगे। आर्थिक मदद से उनका विकास होगा। हमें आपका मान सम्मान सोचना है। पिछले 10 साल में रोजगार छीन गया है। पिछले 50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है।

लोकतंत्र और संविधान खतरे में है: राजेश ठाकुर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आपकी बिटिया और बहन रांची प्रत्याशी यशस्विनी सहाय है। इन्हें कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी और प्रदेश के बड़े नेताओं ने तय किया है। देश में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। ये चुनाव इसी को बचाना है। मिलकर लड़ना है। लड़ेगा झारखंड, जुड़ेगा भारत और जीतेगा इंडिया। देश खतरनाक दौर से गुजर रहा है। हर वर्ग एक दूसरे को शक की निगाह से देख रहा है। पीएम हठधर्मी हैं। वे मुद्दों पर बात नहीं करते है। रांची में प्रत्याशी के माध्यम से राहुल गांधी का हाथ को मजबूत कीजिये।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version