रांची। झारखंड दौरे पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार 6 अप्रैल को होटल बीएनआर पहुंचे। सीएम के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। करीब 40 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। इस दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान वर्तमान राजनीतिक स्थिति और सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई है।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि ये हमारे अलायंस के लोग हैं, बड़े नेता हैं, इनका (मल्लिकार्जुन खड़गे) कार्यक्रम झारखंड में था। ऐसे में शिष्टाचार मुलाकात तो बनता है। मीडियाकर्मियों द्वारा जातीय जनगणना को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमलोगों की मांग रही है।

झारखंड में कांग्रेस-राजद के साथ चल रही है गठबंधन सरकार
झारखंड में कांग्रेस और राजद के सहयोग से जेएमएम के नेतृत्व में गठबंधन सरकार चल रही है। लगातार यह दूसरा मौका है, जब राज्य में महागठबंधन की सरकार जनता का विश्वास जीतने में सफल रही है। इसी तर्ज पर बिहार विधानसभा चुनाव में जीत का मार्ग प्रशस्त करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच बिहार चुनाव में जेएमएम के सीटों की दावेदारी और तैयारी पर चर्चा हुई है।

गौरतलब है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में 14 सीटों पर तैयारी कर रखी है। जिसमें हर हाल में पार्टी 12 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। जिन सीटों पर जेएमएम लड़ना चाह रहा है उनमें झाझा, चकाई, कटोरिया, धमदाहा, मनिहारी, पीरपैंती, नाथनगर, बांका, ठाकुरगंज, रुपौली, रामपुर और बनमनखी शामिल हैं। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में बीजेपी के 80, जेडीयू के 45 और जीतनराम मांझी की पार्टी हम के 4 विधायक हैं। वहीं विपक्ष के पास 107 विधायक हैं। जिसमें आरजेडी के 77, कांग्रेस के 19 और CPI (ML) के 11 विधायक हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version