पूर्वी सिंहभूम। मानगो क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की अनियमितता पर लगाम लगाने और सभी इलाकों में न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय में एक अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने की। इसमें विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार, अभियंता पवन सिंह, संतोष भगत, पिंटू सिंह, तथा मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार (दूरभाष के माध्यम से) शामिल हुए।

बैठक में यह बात सामने आई कि जोन-6 में पानी की अत्यधिक आपूर्ति हो रही है जबकि जोन-1, 3 और जोन-4 के समता नगर जैसे इलाकों में जल संकट है। पाइपलाइन होने के बावजूद कई जगहों पर पानी नहीं पहुंच रहा। इस असमान आपूर्ति को दूर करने के लिए मानगो पेयजल परियोजना के आरंभिक ड्राइंग और डिजाइन में बदलाव की सहमति बनी।

सरयू राय ने उप नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि पंजीकृत जल उपभोक्ताओं की सूची, राजस्व संग्रह की स्थिति और जल बर्बादी के बारे में विस्तृत रिपोर्ट दें। उन्होंने कहा कि पेयजल की एक-एक बूंद का हिसाब रखा जाएगा।

इसके अलावा, नया मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है तथा आदित्यपुर स्थित जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला के निरीक्षण में जल की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। बैठक में तय किया गया कि सभी जोनों में समान रूप से जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी और वर्षों से चली आ रही त्रुटियों को सुधारा जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version