रांची। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी बाबूलाल मरांडी ने राजधानी रांची के मोराबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विवेकानंद युवा फाउंडेशन और आरसी डिफेंस एकेडमी के बच्चों एवं युवाओं के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में बाबूलाल मरांडी वृक्षासन मुद्रा में योग करते नजर आए, जिसकी तस्वीरें और संदेश उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी साझा किए।

योग सत्र को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के करोड़ों लोग इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।

उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग करने की अपील करते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि तनाव को कम कर सकारात्मक सोच विकसित करने में भी मदद करता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा एक समान ड्रेस में विभिन्न योगासन करते दिखाई दिए। बाबूलाल मरांडी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक योग मुद्राओं का प्रदर्शन भी किया गया और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version