हजारीबाग। हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक अमित आनंद ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार शाम सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतरा गांव के पास घेराबंदी कर गैंग के सदस्य जियाउल रहमान उर्फ मोजमिल (25) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पगमिल आजाद नगर पेलावल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली मैगजीन, पांच खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने की योजना बना रहा था।
इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 57/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।



