पूर्वी सिंहभूम। बकरीद का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। कुर्बानी के लिए दूसरे राज्यों से पशु व्यापारियों का जमशेदपुर पहुंचना शुरू हो गया है। इस बार सबसे अधिक संख्या में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) से बकरी व्यापारियों के आने की जानकारी मिली है। व्यापारी अपने साथ सैकड़ों इलाहाबादी नस्ल की बकरियां लेकर शहर पहुंचे हैं, जिन्हें शहर के विभिन्न बकरी बाजार में से साकची आमबगान में देखने और खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है।

शहर पहुंचे युवा पशु व्यापारी सलमान अली ने शुक्रवार को बताया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से इलाहाबाद से जमशेदपुर आकर बकरियों का व्यापार करता रहा है। उनके दादा और पिता भी हर वर्ष बकरीद से पहले यहां आते थे और अब वे इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार वे लगभग 300 इलाहाबादी बकरियां लेकर जमशेदपुर पहुंचे हैं। इन बकरियों की खासियत उनका मजबूत शरीर, लंबा कद, वजन और आकर्षक बनावट होती है, जिसके कारण बाजार में इनकी मांग काफी अधिक रहती है। सलमान अली ने बताया कि जमशेदपुर का बाजार पशु व्यापार के लिहाज से काफी अच्छा माना जाता है। यहां लोग अच्छी नस्ल की बकरियों के लिए बेहतर कीमत देने को तैयार रहते हैं।

उन्होंने कहा कि बकरियों की कीमत उनके आकार, वजन और नस्ल के अनुसार तय होती है। सामान्य रूप से एक खासी की कीमत 15 हजार रुपये से शुरू होकर 55 हजार रुपये तक पहुंच रही है। कुछ विशेष और भारी वजन वाले खासी की कीमत इससे भी अधिक हो सकती है। व्यापारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण पशुओं के चारे और देखभाल में काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में वे अपने पशुओं को शहर के आसपास के जंगलों, झाड़ियों और खाली मैदानों में ले जाकर प्राकृतिक घास और वनस्पतियां खिला रहे हैं ताकि जानवर स्वस्थ रहें। पशुओं को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बकरी बाजार में इस समय खरीदारों की आवाजाही धीरे-धीरे बढ़ रही है। व्यापारियों को उम्मीद है कि बकरीद नजदीक आते-आते बाजार में और तेजी आएगी। शहर के विभिन्न इलाकों में अस्थायी पशु बाजार भी सजने लगे हैं, जहां स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version