पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने बुधवार को संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम लातार्सिका में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जंगलों और गांव के आसपास संचालित अवैध महुआ शराब की पांच भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 4000 लीटर जावा महुआ और कच्ची शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि लातार्सिका गांव के जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर महुआ शराब तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस बल और उत्पाद विभाग के कर्मियों ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान टीम को जंगल के भीतर और बस्ती से सटे स्थानों पर अवैध तरीके से संचालित कई भट्ठियां मिलीं। वहां बड़ी मात्रा में महुआ से शराब तैयार करने का काम चल रहा था। पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे ड्रम, पाइप, भट्ठी, बर्तन और अन्य उपकरणों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 4000 लीटर जावा महुआ और कच्ची शराब बरामद हुई, जिसे नियमानुसार नष्ट किया गया ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके।
हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। प्रशासन ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ कर अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



