कटिहार। बिहार में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुरसेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

नाकेबंदी कर दबोचे गए तस्कर

कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार को सूचना मिली थी कि नवाबगंज की ओर से एक संदिग्ध वाहन में मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसआई अमित कुमार और एएसआई रीना कुमारी के नेतृत्व में टीम गठित कर कुरसेला चेक पोस्ट पर सघन घेराबंदी की गई। चेकिंग के दौरान जैसे ही संदिग्ध कार पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने से प्लास्टिक के 10 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 20 किलो गांजा भरा हुआ था।

4 लाख रुपये है गांजे की कीमत

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू मंडल और रेखा देवी (पति अशोक मंडल) के रूप में हुई है। बरामद किए गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी इस खेप को नवगछिया में किसी बड़े डीलर को सप्लाई करने जा रहे थे।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ कुरसेला थाना कांड संख्या 89/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) के जरिए इस सिंडिकेट के मुख्य सरगना तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। रविवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कटिहार एसपी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version