पूर्वी सिंहभूम। जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ शुक्रवार को बहरागोड़ा क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। जिला खनन कार्यालय की टीम ने विभिन्न बालू घाटों और संवेदनशील इलाकों में जांच करते हुए बिना वैध परिवहन चालान के बालू ढो रहे छह हाईवा वाहनों को जब्त किया।

यह अभियान जिला खनन पदाधिकारी सतीश कुमार नायक के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने बर्नीपाल, गुहियापाल, बनकटा सहित कई बालू घाटों पर जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेज के बालू परिवहन करते पाए गए, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया। सभी वाहनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए बारसोल थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा को सौंप दिया गया है।

खनन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version