पूर्वी सिंहभूम। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन की ओर से साकची गोलचक्कर पर विरोध प्रदर्शन और हड़ताल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहीं और केमिस्ट समुदाय ने ऑनलाइन दवा बिक्री, नकली दवाओं तथा नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन की ओर से केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि जीएसआर 817 (ई) एवं जीएसआर 220 (ई) को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। केमिस्टों ने आरोप लगाया कि इन प्रावधानों का दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियों की ओर से दवाओं की अनियंत्रित होम डिलीवरी के लिए किया जा रहा है, जिससे मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं। बिना उचित चिकित्सकीय सत्यापन और लाइसेंस व्यवस्था के ऑनलाइन दवा बिक्री ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत स्थापित नियामकीय व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि नकली और नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सरकार को सख्त और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कोविड महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर के केमिस्टों ने फ्रंटलाइन हेल्थकेयर सपोर्ट प्रदाताओं की भूमिका निभाते हुए लोगों तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। इसके बावजूद ऑनलाइन दवा कारोबार से जुड़ी अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों के संबंध में कई बार शिकायत और प्रमाण देने के बाद भी अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि छोटे लाइसेंसधारी केमिस्टों और उनके कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को ऑनलाइन दवा बिक्री पर नियंत्रण लगाने की दिशा में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक एवं आपातकालीन दवाएं उपलब्ध कराकर मानवीय दायित्व का निर्वहन भी किया गया।

कार्यक्रम में जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा, महासचिव आशीष चटर्जी, कोषाध्यक्ष संजय कुमार कसेरा, उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह सोढ़ी, संयुक्त सचिव अनवर हुसैन, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी दविंदर वालिया सहित बड़ी संख्या में केमिस्ट एवं दवा व्यवसायी मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version