सीवान। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे कुर्की महाअभियान का असर अब दिखने लगा है। पुलिस की लगातार दबिश और संपत्ति कुर्की की तैयारी से घबराकर जिले का चर्चित पेशेवर अपराधी लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन आखिरकार नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

आत्मसमर्पण करने वाला अभियुक्त हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कुदन मियां का पुत्र लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन बताया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लड्डन उर्फ अजहरूद्दीन का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और संगीन मामलों से भरा हुआ है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग, लूट की साजिश, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 19 गंभीर कांड विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

उस पर वर्ष 1999 से लेकर 2020 तक नगर और मुफ्फसिल थाने में लगातार मामले दर्ज होते रहे। इनमें हत्या, 307, 387, 120बी और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। सीबीआई के अनुसंधान में चर्चित पत्रकार राजदेव रंजन हत्याकांड में भी लड्डन मियां का नाम सामने आया था। हालांकि मामले की सुनवाई के दौरान पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर सीबीआई कोर्ट ने अजरुद्दीन बेग उर्फ लड्डन मियां को बरी कर दिया था।

जिले में चल रहे विशेष कुर्की अभियान के तहत पुलिस फरार अपराधियों की संपत्ति जब्त करने और कानूनी शिकंजा कसने में जुटी है। इसी दबाव में कई पुराने अपराधियों की नींद उड़ गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी फरार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीवान पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संकेत दिया है कि फरार अपराधियों के लिए अब जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा। पुलिस की सख्ती और लगातार अभियान से अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version