पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले में होमगार्ड जवानों के पिछले तीन माह से लंबित वेतन भुगतान को लेकर सोमवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के अनुसूचित जाति मोर्चा कोल्हान प्रमंडल की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार और जिला प्रशासन से होमगार्ड जवानों के बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व अनुसूचित जाति मोर्चा कोल्हान प्रमंडल के अध्यक्ष राजा कालिंदी ने किया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों में कार्यरत होमगार्ड जवानों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। वेतन नहीं मिलने के कारण जवानों को परिवार चलाने, बच्चों की पढ़ाई, घर का किराया, इलाज और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजा कालिंदी ने कहा कि होमगार्ड जवान दिन-रात सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, सरकारी कार्यक्रमों और आपदा जैसी परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेजरी घोटाले से जुड़े मामलों में संबंधित लोगों के भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है, जबकि मेहनत और ईमानदारी से काम करने वाले होमगार्ड जवानों का वैध भुगतान अब तक लंबित है। इससे जवानों के बीच नाराजगी और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द से जल्द लंबित वेतन भुगतान कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है। मोर्चा की ओर से चेतावनी भी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा। इस दौरान संगठन के कई कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में होमगार्ड जवानों के हित में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।



