पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र स्थित मिलन चौक में हुए सनसनीखेज चाकूबाजी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप मजदूरी कर घर लौटे थे। इसके बाद वह पास की दुकान से सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ उनसे तमिल भाषा में कुछ कहने लगा। भाषा समझ नहीं आने पर चंद्रमोहन ने सामान्य तरीके से जवाब दिया, लेकिन आरोपी अचानक भड़क उठा और चाकू निकालकर युवक के गले पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से वार किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सेल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।



