अररिया। अररिया जिले में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। एनएच-27, एनएच-327 ई, स्टेट हाइवे और ग्रामीण इलाकों में दर्जनों पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।

अररिया नगर, भरगामा और फारबिसगंज के मुख्य बाजारों में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। फारबिसगंज स्टेशन चौक के पास विशाल पीपल का पेड़ गिरने से चार दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सड़क किनारे खड़ी कई बाइक भी चपेट में आकर टूट गईं।

तेज हवा के कारण कई कच्चे मकानों की छत उड़ गई, जिससे ग्रामीण परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। वहीं बिजली के तार टूटने और पेड़ गिरने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली विभाग और नगर परिषद की टीम रातभर बहाली कार्य में जुटी रही।

बारिश और तूफान से किसानों को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा। खेतों में तैयार मक्का की फसल बारिश में भींगकर बर्बाद हो गई, जबकि कई जगह फसल जमीन पर गिर गई। थ्रेसिंग किया गया अनाज भी पानी में खराब हो गया है। कुल मिलाकर तेज आंधी और बारिश ने जिलेवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version