पूर्वी सिंहभूम। साकचीथाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-5 निवासी 15 वर्षीय पीयूष पटेल की बॉक्सिंग प्रैक्टिस के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की है। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक पीयूष रोज की तरह शनिवार को भी काशीडीह कम्युनिटी सेंटर में बॉक्सिंग का अभ्यास करने पहुंचा था। वह रिंग में अभ्यास कर रहा था और पंचिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे गिरता देख वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी और कोच तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचे। काफी देर तक उसे होश में लाने की कोशिश की गई, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पीयूष को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण पीयूष को हार्ट अटैक आया होगा। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया। पीयूष अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का करीब दस माह पहले निधन हो चुका है। परिवार में मां और दो बड़ी बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version