रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता का निर्णायक जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने लंबे समय से चली आ रही कथित अव्यवस्थाओं, हिंसा और असुरक्षा के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है। मरांडी के अनुसार, इस चुनाव में भारी मतदान प्रतिशत ने यह संकेत दे दिया था कि जनता बदलाव चाहती है। मरांडी ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया कि बंगाल की जनता को प्रधानमंत्री पर भरोसा है। इसके लिए बंगाल की जनता बधाई की पात्र है। बंगाल की जागरूक जनता ने टीएमसी के गुंडा राज, सिंडिकेट सिस्टम, महिला असुरक्षा और घुसपैठ की गंभीर समस्याओं के खिलाफ निर्णायक जनादेश दिया है।

उन्होंने भाजपा की जीत का श्रेय बंगाल की जागरूक जनता के साथ-साथ पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के समर्पण को दिया। मरांडी ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर मेहनत कर लोगों तक अपनी बात पहुंचाई, जिसका परिणाम चुनाव में देखने को मिला। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में चुनाव आयोग की भूमिका सराहनीय रही है।

मरांडी ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय से भय और दबाव का माहौल था, जिसके कारण लोग स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर पाते थे। हालांकि, इस बार अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण मतदान और रिकॉर्ड भागीदारी को उन्होंने सकारात्मक संकेत बताया।

इसके अलावा, उन्होंने असम और पुडुचेरी में पार्टी की सफलता पर भी खुशी जतायी। असम में सरकार के कामकाज और विकास को जनसमर्थन मिलने की बात कही। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विभिन्न राज्यों में विकास और सुशासन को और गति मिलेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version