पश्चिमी सिंहभूम। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुम्बीसाई गांव में गुरुवार सुबह चाईबासा सिविल कोर्ट के सेवानिवृत्त सहायक क्लर्क चक्रधर बारी की पुत्री शबनम बारी (35 ) ने खुदकुशी कर ली। जानकारी के अनुसार, शबनम बारी बुधवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। जब परिजन कमरे के अंदर पहुंचे तो शबनम को रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

परिजनों के मुताबिक, शबनम पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थी। बताया गया कि नौकरी नहीं मिलने और शादी में लगातार हो रही देरी को लेकर वह काफी परेशान रहती थी। परिवार वालों का कहना है कि वह अक्सर अपने भविष्य को लेकर चिंता जाहिर करती थी और मानसिक रूप से टूटती जा रही थी। हालांकि परिवार ने उसे संभालने और समझाने का प्रयास भी किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version