प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर देश भर में चर्चा में आये झाड़ग्राम के दुकानदार विक्रम साव और उनका परिवार इस समय गहरे खौफ में है। विक्रम का दावा है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान और बांग्लादेश के अज्ञात नंबरों से लगातार जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। हालिया चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने विक्रम की दुकान पर रुककर बंगाली व्यंजन झालमुड़ी का स्वाद लिया था, जिसके बाद विक्रम अचानक सुर्खियों में आ गये थे।
विक्रम साव के अनुसार, इस घटना के बाद से ही उन्हें विदेशी नंबरों से व्हाट्सऐप मैसेज, आॅडियो और वीडियो कॉल आ रहे हैं। वीडियो कॉल पर उन्हें हथियार दिखाकर डराया जाता है और गाली-गलौज की जाती है। हालांकि कॉल करने वालों ने सीधे पीएम मोदी का नाम नहीं लिया, लेकिन यह सिलसिला प्रधानमंत्री के आगमन के बाद ही शुरू हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू कर दी है और एहतियात के तौर पर विक्रम साव की दुकान व परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।



