धनबाद। धनबाद के वासेपुर से जुड़ा फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के पाकिस्तान में छिपे होने की आशंका के बीच जांच एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में किसी नेटवर्क के सहारे रह रहा है। इसके बाद एजेंसी उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस की पूछताछ में उसके करीबी सहयोगी सैफी उर्फ मेजर से कई अहम सुराग मिले हैं। बताया जाता है कि दुबई में बढ़ते दबाव के बाद प्रिंस खान वहां से निकल गया और अलग-अलग रास्तों से होते हुए पाकिस्तान पहुंचा। उसके आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के संपर्क में होने की बात सामने आई है, जिसकी एजेंसी जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि धनबाद में रंगदारी से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल पहले संपत्ति में निवेश के लिए होता था, लेकिन अब इस फंडिंग के इस्तेमाल को लेकर भी गहनता से जांच चल रही है।
सैफी उर्फ मेजर गिरफ्तार, प्रिंस खान का आर्थिक नेटवर्क ध्वस्त करने की तैयारी
प्रिंस के आर्थिक नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसके परिवार और करीबी लोग विदेश में रहकर उसके नेटवर्क को संचालित करने में मदद कर रहे हैं। वहीं धमकी भरे संदेश और पर्चियों के जरिए इलाके में दहशत फैलाने का काम भी किया जा रहा है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सैफी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मेजर से मिली जानकारी के आधार पर प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क को तोड़ने और उससे जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। एजेंसियों का ध्यान अब उसके विदेशी संपर्कों और आतंकी कनेक्शन पर केंद्रित है।



