रांची। गोमिया से पूर्व विधायक, एकीकृत बिहार सरकार व झारखंड सरकार में मंत्री रहे वरिष्ठ नेता माधवलाल सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि माधवलाल सिंह ने लंबे समय तक जनसेवा और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

उनका निधन सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है. मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राजकीय सम्मान के साथ माधवलाल सिंह का अंतिम संस्कार करने का निर्देश दिया है.

वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी माधव लाल सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि माधव लाल सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी, समर्पण और जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया. उनका निधन राजनीति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. बाबूलाल मरांडी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की कामना की.

विधानसभा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह का आज सुबह लगभग 9:40 बजे रांची के पल्स अस्पताल में निधन हो गया. बताया जाता है कि वह कई दिनों से बीमार थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.

गोमिया से चार बार विधायक रहे माधवलाल सिंह के निधन की खबर से  गोमिया सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है. माधव बाबू के पोते पवन लाल सिंह के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को करीब एक बजे अस्पताल से झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा.

इसके बाद माधवलाल के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव गोमिया ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान और पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. पोते पवन लाल सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि वे सिर्फ हमारे दादा जी नहीं थे, बल्कि परिवार के लिए भगवान थे. इतना ही नहीं वे पूरे गोमिया की पहचान थे..

पवन लाल सिंह ने कहा कि दादा जी पूरी जिंदगी जनता की सेवा की. आज उनका जाना, हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है. माधव लाल सिंह के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक जगत के लोगों ने गहरा दुख जताया है.  समर्थकों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचना लगातार जारी है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version