पूर्वी सिंहभूम। जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत मानपुर गांव में अवैध शराब और हड़िया की बिक्री के खिलाफ ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। रविवार को बड़ी संख्या में महिलाएं ग्राम प्रधान गोपाल चंद्र मुर्मू के नेतृत्व में पोटका थाना पहुंचीं और गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से शराब और हड़िया बेचने वालों के खिलाफ कड़ी और त्वरित कार्रवाई करने की अपील की।

थाना पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से खुलेआम शराब और हड़िया की बिक्री हो रही है। इसके कारण गांव का सामाजिक और पारिवारिक वातावरण लगातार बिगड़ता जा रहा है। महिलाओं का कहना था कि शराब के नशे में कई पुरुष घर लौटकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं, जिससे परिवारों में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव में शराबबंदी को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई थी। इस दौरान महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों को शराब से होने वाले नुकसान के बारे में समझाया था और अवैध बिक्री बंद करने की अपील की थी। बावजूद इसके शराब बेचने वालों पर कोई असर नहीं पड़ा। महिलाओं का आरोप है कि शराब कारोबार से जुड़े लोग अब खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि जो करना है कर लो, शराब और हड़िया की बिक्री बंद नहीं होगी।

ग्राम प्रधान गोपाल चंद्र मुर्मू ने कहा कि गांव की महिलाएं अब सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संगठित होकर आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अवैध शराब कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो गांव का माहौल और अधिक खराब हो सकता है। वहीं सुहागी मुर्मू और पद्मावती भकत ने कहा कि शराब की वजह से कई परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और घरेलू विवाद लगातार बढ़ रहे हैं।

महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि गांव में नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए, अवैध शराब कारोबारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और गांव में स्थायी रूप से शराबबंदी सुनिश्चित की जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version