रांची: राजधानी में सोमवार को धूमधाम से ईद मनायी गयी। लोगों ने विभिन्न मस्जिदों और ईदगाह में मीठी ईद की नमाज अदा की। लोगों को मिल्लत और मोहब्बत का पैगाम दिया गया। रांची, डोरंडा, बरियातू, परासटोली, कांके, नया सराय सहित अन्य ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे। रांची और डोरंडा ईदगाह में तिल रखने तक की जगह नहीं थी। अधिकांश लोगों को ईदगाह के बाहर ही नमाज अदा करनी पड़ी। ईदगाह में मौलाना असगर मिसबाही और डोरंडा ईदगाह में सैयद अलकमा सिबली ने नमाज अदा करायी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी। शहरी इलाकों की 50 से अधिक मस्जिदों में सुबह 7. 15 बजे से 9.30 तक ईद की नमाज अदा की गयी। ईद के मौके पर शहर की सभी मस्जिदों को सजाया गया। सबसे पहली नमाज राजधानी के अहले हदीश में पढ़ी गयी। एदारे शरिया के महासचिव मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने लोगों को शुभकामना देते हुए कहा कि यह पर्व खुशी मनाने और बांटने का है।

कई जगह किया गया ट्रैफिक डाइवर्ट
ईद की नमाज को लेकर शहर में कई जगह ट्रैफिक को डाइवर्ट कर दिया गया और कुछ स्थानों पर गाड़ियों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया। इनमें हरमू रोड, किशोरगंज और रातू रोड के ट्रैफिक को डाइवर्ट कर दिया गया, जबकि मेन रोड डोरंडा और हिंदपीढ़ी में ट्रैफिक मूवमेंट को बैन किया गया था। हालांकि नमाज के बाद इन इलाकों में ट्रैफिक सामान्य कर दिया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version