रांची: केंद्र सरकार के तीन साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भाजपा ने ‘मोदी फेस्ट’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत केंद्रीय मंत्रियों का लगातार झारखंड दौरा हो रहा है। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, आठ जून को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और नगर विमानन मंत्री जयंत सिन्हा का राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम प्रस्तावित है।
15 जून तक होंगे कार्यक्रम : दीपक प्रकाश
इस संबंध में प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि मोदी सरकार का तीन साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जायेगा। एक से 15 जून तक आयोजित कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनता के साथ सीधा संवाद कर रहे हैं। मोबाइल के माध्यम से घर-घर जाकर सदस्य बनाये जा रहे हैं। पार्टी का हर विंग सरकार की उपलब्धियों को बताने में जुटा है। पार्टी के विस्तार और बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम चल रहा है।
मंत्री नितिन गडकरी आठ जून को रांची के हरमू मैदान में आयोजित ‘मोदी फेस्ट’ स्टॉल का सुबह 11 बजे उद्घाटन करेंगे। मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी 12 जून को पाकुड़ के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री जयंत सिन्हा 11 जून को हजारीबाग के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 13 और 14 जून को चाईबासा और दुमका में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आज 10.30 बजे रांची पहुंचेंगे गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को दिन भर कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगे। तय कार्यक्रम के तहत गडकरी दिन के 10.30 बजे विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 11 बजे हरमू मैदान में मोदी फेस्ट का उद्घाटन कर आम जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद दिन के एक बजे कोकर स्थित एक मीडिया कार्यालय जायेंगे। फिर ढाई बजे भाजपा कार्यकर्ता के यहां लंच करेंगे। इसके बाद साढ़े तीन बजे पार्टी मुख्यालय में उनका प्रेस कांफ्रेंस होगा। शाम साढ़े चार बजे से भाजपा विचारधारा के लोगों के साथ भाजपा मुख्यालय में एक घंटे तक विचार-विमर्श करेंगे।