रांची: झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके साथ सदस्य के रूप में गिरिडीह की पूनम प्रकाश ने भी पदभार ग्रहण किया। पांच जून 2017 को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया गया था। बुधवार को ही सदस्य के रूप में दुमका की अमित रक्षित और शर्मिला सोरेन को भी पदभार ग्रहण करना था, लेकिन वे नहीं आ सकीं। कल्याणी शरण नौ मई 2016 से सदस्य के रूप में महिला आयोग से जुड़ी थीं, उनके साथ लातेहार की रेणु देवी और बोकारो की देवकी रानी बड़ाईक भी राज्य महिला आयोग की सदस्य बनी थीं और वर्तमान में भी रेणु और देवकी सदस्य हैं।

पारदर्शिता के साथ काम करूंगी: कल्याणी
इस अवसर पर कल्याणी शरण ने कहा कि सरकार ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं ईमानदारी पूर्वक निभाऊंगी। पूरी पारदर्शिता के साथ काम करूंगी और अपने दायित्वों का निर्वाह करूंगी। आयोग में जितने भी फरियादी आयें उन्हें न्याय मिले, इसका प्रयास होगा। अब मेरे साथ आयोग में पांच सदस्य हैं, जिनके सहयोग से आयोग का काम करूंगी। मैं मुख्यमंत्री रघुवर दास की आभारी हूं कि उन्होंने मुझपर विश्वास रखा। आयोग में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का वेतन भुगतान करवाऊंगी, जो पिछले छह माह से रूका हुआ है। इस दौरान बधाई देने के लिए कई लोग पहुंचे थे, जिनमें भाजपा नेता उषा पांडेय भी शामिल थीं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version