रांची: गुरुवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का नजारा बदला-बदला था। ढोल बाजे की आवाज के बीच मंत्रोच्चारण और वैवाहिक रस्में अदा की जा रही थीं। एक साथ 272 जोड़े रस्में अदा कर विवाह के बंधन में बंध रहे थे। इस सामूहिक विवाह के गवाह बने राज्य के मुखिया रघुवर दास। उन्होंने विवाहित जोड़ों को सिर्फ आशीष ही नहीं दी, बल्कि बेटियों का कन्यादान भी किया। मौके पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन जोड़ियों का ख्याल रखेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरना समिति द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि सभी 272 नव दंपतियों को मुख्यमंत्री विवेकानुदान से 11-11 हजार रुपये की राशि दी जायेगी। सरकार बेरोजगार नवयुवक-नवयुवतियों को रोजगार से जोड़ने के लिए जल्द ही जोहार योजना की शुरुआत करने जा रही है। इसमें मुर्गीपालन के लिए चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जायेगी। मुर्गी से प्राप्त अंडे सरकार खरीदेगी। उन्हें कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी।
गरीबों को भी विधि विधान से शादी-ब्याह करने का मौका मिलेगा : मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के सामूहिक विवाह के आयोजन से गरीब भी अपने बच्चों की शादी पूरे विधि विधान के साथ कर सकेंगे। गरीब के सुख-दुख में साथ देनेवाला ही इंसान बड़ा होता है। हमें गरीबों के सुख दुख में शामिल होना चाहिए। समाज हो या सरकार सकारात्मक पहल की सराहना की जानी चाहिए। समाज पुराने रूढ़िवादी परंपरा से बाहर आये, यह हर किसी का प्रयास होनी चाहिए। लोगों की भलाई हमारा लक्ष्य होना चाहिए। दुनिया तेजी से बदल रही है। हम नहीं बदले, तो काफी पीछे छूट जायेंगे। कार्यक्रम में रांची की मेयर आशा लकड़ा, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू मुंडा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के उपाध्यक्ष अशोक बड़ाईक समेत बड़ी संख्या में सरना समाज के लोग उपस्थित थे।
मेरी शादी के लिए मां ने गहने गिरवी रखे, पिता ने लिया कर्ज
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबी समाप्त करना हमारा संकल्प है। गरीबी में पलने के कारण मैं भी गरीबों के दर्द समझता हूं। मेरे विवाह के लिए मेरी मां ने गहने गिरवी रखे थे। पिता ने पीएफ से लोन लिया था। पूरे विधि विधान से मेरा विवाह हुआ। मैं मां-बाप की पीड़ा समझता हूं। विवाह के बढ़ते खर्च को देखते हुए सामूहिक विवाह का आयोजन सराहनीय कदम है। हर गरीब मां-बाप सीना चौड़ाकर अपने बच्चे की शादी कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि गरीबों की भलाई के लिए सरकार हर संभव सहायता करने के लिए तैयार है। सरकार की किसी भी कर्मी से किसी को परेशानी हो तो 181 पर फोन कर शिकायत कर सकते हैं। समाज के युवा ही समाज को ताकतवर बना सकते हैं।