नयी दिल्ली। अमित शाह दिसंबर तक बीजेपी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक दिसंबर तक हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्हीं के नेतृत्व में तीनों विधानसभा चुनाव लड़ा जायेगा। इसके बाद पार्टी के नये अध्यक्ष का चुनाव होगा। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य प्रमुखों सहित पार्टी शीर्ष नेताओं की एक बैठक हुई। इसमें संगठनात्मक चुनावों, सदस्यता अभियान और अन्य संबंधित मुद्दों जैसे कि उनके उत्तराधिकारी को खोजने के लिए किये जाने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गयी।

सूत्रों के मुताबिक जहां भाजपा सत्ताधारी पार्टी है, जैसे हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड, इन महत्वपूर्ण राज्य के चुनावों की देखरेख के लिए शाह इस साल दिसंबर तक अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। अब राष्ट्रपति शासन को हटा कर जम्मू एवं कश्मीर में भी चुनाव होने हैं। बैठक में शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और वसुंधरा राजे, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भूपेंद्र यादव और जेपी नड्डा के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई प्रमुख भी शामिल रहें।

इधर, प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के सीनियर नेता भूपेंद्र यादव ने बताया कि अमित शाह ने पार्टी के पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी की विशाल जीत के पीछे बूथ कार्यकर्ताओं का अहम योगदान है। अमित शाह ने कहा कि जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद के खिलाफ 2019 की जीत है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का पीक समय अभी नहीं आया है और 20% नये सदस्य बनने के लिए सदस्यता अभियान चलायेंगे। इस सदस्यता अभियान के संयोजक शिवराज सिंह चौहान होंगे। अमित शाह शुक्रवार को विभिन्न राज्यों के पार्टी महासचिवों (संगठन) से भी मुलाकात करेंगे।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर अमित शाह का तीन वर्षीय कार्यकाल इस साल की शुरुआत में खत्म हो गया था, लेकिन पार्टी ने उनसे चुनाव तक अपने पद पर बने रहने को कहा था। बीजेपी के संविधान के मुताबिक पार्टी अध्यक्ष तीन और वर्षों तक अपने पद पर बना रह सकता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version