मुंबई । महाराष्ट्र में सोमवार को 76 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इससे राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढक़र 2362 हो गई है। आज राज्य में 2361 कोरोना मरीज पाए गए हैं। इससे राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ कर 70,013 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि आज सूबे में हुई 76 लोगों की मौत में मुंबई में अकेले 40 लोगों की मौत शामिल है। इसी तरह आज पुणे में 8, मीरा-भाईंदर व नई मुंबई में 6-6, वसई-विरार में 3, रायगढ व कल्याण में 2-2-2, ठाणे, नासिक, पिंपरी-चिंचवड, जालना, बीड व नागपुर में 1-1 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। आज मृतकों में 45 पुरुष व 31 महिलाएं हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुंबई में आज कोरोना मरीजों की संख्या बढक़र 41,099 हो गई है। मुंबई में अब तक 1319 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह राज्य में आज 779 लोग कोरोना से पूरी तरह स्वस्थ्य हुए हैं। इन सभी को उनके घर वापस भेज दिया गया है। राज्य में अब तक 30,108 लोग कोरोना से पूरी तरह स्वस्थ्य हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ठाणे मंडल में 53,259, नासिक मंडल में 2178, पुणे मंडल में 9505, कोल्हापुर मंडल में 918, औरंगाबाद मंडल में 1926, लातूर मंडल में 371, आकोला मंडल में 1036, नागपुर मंडल में 761 और अन्य राज्यों के 60 मरीजों का इलाज महाराष्ट्र में जारी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version