भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार, 25 जून को मध्यप्रदेश में वर्चुअल रैली के माध्यम से एक करोड़ से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित करेंगे और उन्हें मोदी सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां बताएंगे। उनकी यह वर्चुअल रैली उस अभियान का हिस्सा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश में चलाया जा रहा है।
भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को दोपहर 3.00 बजे से मध्यप्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों एवं आम नागरिकों को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालेंगे। प्रदेश संगठन द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष की वर्चुअल रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि मंडल स्तर पर विभिन्न वाट्सअप ग्रुपों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग इस रैली से जुड़ेंगे। इस रैली से जुडऩे के लिए एक लिंक दी जाएगी, जिसके माध्यम से पार्टी के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता तथा आम लोग रैली से जुड़ सकेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की इस रैली में प्रदेश कार्यालय, भोपाल से भी वरिष्ठ नेतागण शामिल होंगे। बता दें कि इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की वर्चुअल रैली आयोजित की गई थी, जिसकी लोकप्रियता को देखते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की वर्चुअल रैली से कम से कम एक करोड़ लोगों को जोडऩे का लक्ष्य रखा है।