रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में 12 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। बुधवार को पार्टी की राज्य कमेटी के लोग रांची आ रहे हैं। वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बातचीत कर आगे की रणनीति तय करेंगे। सोमवार को झामुमो के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ये बातें झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 12 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए फोकस किया है। इन सीटों में तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुर गंज, रुपौली, प्राणपुर, बनमनखी, जमालपुर, पीरपैंती और चकाई के नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन में शामिल होकर पार्टी चुनाव लड़ेगी। झारखंड में बीते विधानसभा चुनाव में हमने राजद के साथ गठबंधन किया था और सात सीटें दी थीं। हमने एक सीट जीतकर आनेवाले को भी मंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में खेत खुला रहता है और कोई कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। पार्टी का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ना तय है।
झामुमो अपनी सांगठनिक शक्ति को पहचानता है
सुप्रियो ने कहा कि झामुमो अपनी सांगठनिक शक्ति को पहचानता है। हमारा शासन का मॉडल लोकप्रिय हो चुका है। हमारी प्रतिबद्धता जनता के साथ रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के शासन का मॉडल पूरे देश के लिए अनुकरणीय बन चुका है। यही कारण है कि सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फॉलोवर लगातार बढ़े हैं। छह महीने पहले जब हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली थी उस समय उन्हें ट्विटर पर 32,000 लोग फॉलो करते थे, छह महीने बाद यह संख्या बढ़कर लगभग चार लाख हो गयी है। इस तरह उनके फॉलोवर्स की संख्या में 13 गुणा की बढ़ोत्तरी हुई है। इसी तरह फेसबुक पर भी साढ़े चार लाख लोग उन्हें लाइक, शेयर और टैग करते हैं।