राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव में झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने जीत हासिल कर ली है। कांग्रेस के तमाम हाथ पैर मारने के बाद भी शहजादा अनवर जीत के आंकड़े नहीं जुटा सके। वैसे इसके संकेत नामांकन भरने के साथ ही मिल रहे थ। शुक्रवार को हुए चुनाव में 79 विधायकों ने वोट डाले। पहला वोट झामुमो के भूषण तिर्की और अंतिम सरयू राय ने डाला। शिबू सोरेन को 30 वोट मिले हैं। जबकि दीपक प्रकाश ने 31 वोट लाकर सबको चौंका दिया है। वहीं, शहजादा अनवर को 18 वोटों से ही संतोष करना पड़ा है। अब सवाल ये खड़ा हो रहा है कि आखिर अतिरिक्त एक वोट भाजपा को किसने दिया।

जीत के लिए प्रथम वरीयता में 27 वोट की जरूरत थी, जिसे शिबू सोरेन और दीपक प्रकाश ने आसानी से हासिल कर लिये। निर्दलीय विधायक सरयू राय ने एक वोट दीपक प्रकाश और दूसरा वोट शिबू सोरेन को दिया। वोट देने के बाद उन्हें ट्वीट कर यह जानकारी दी। कहा कि दीपक प्रकाश मेरे प्रिय हैं और गुरुजी आदरणीय। इसके साथ ही शिबू सोरेन की संसदीय राजनीति में नयी पारी शुरू हो गयी है। इससे पहले शिबू सोरेन दुमका सीट से आठ बार चुनाव जीते हैं। झारखंड में वे दो बार मुख्यमंत्री भी रहे हैं। केंद्र में यूपीए की सरकार में कोयला मंत्री भी रहे हैं।

लगभग 40 साल से एबीवीपी और बीजेपी का झंडाबरदार रहे दीपक प्रकाश के पास अब संगठन के साथ ससदीय राजनीति संभालने की जिम्मेदारी होगी। उधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिबू सोरेन को जीत पर बधाई दी। इससे पहले सुबह नौ बजे से झारखंड विधानसभा में मतदान शुरू हुआ। सबसे पहला वोट झामुमो के भूषण तिर्की और अंतिम वोट सरयू राय ने डाला। भाजपा विधायक दो बसों में सवार होकर एक साथ मतदान करने पहुंचे। वहीं, जेल में बंद भाजपा विधायक ढुल्लू महतो कोर्ट की अनुमति से सुबह 10 बजते-बजते मतदान करने रांची पहुंच गये थे। 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version