कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक की मौत कोरोना की वजह से हुई है। उनका नाम तमोनाश घोष है। वह दक्षिण 24 परगना के फलता से विधायक थे। तमोनाश तीन बार विधायक रह चुके थे। पिछले एक महीने से वह ईएम बाईपास के पास अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। उनका घर कोलकाता के कालीघाट में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आवास के करीब है। तमोनाश के निधन पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले महीने की 24 तारीख से वह अस्पताल में भर्ती थे। सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ की समस्या के साथ उन्हें भर्ती किया गया था। संदेह होने पर चिकित्सकों ने उनके नमूने को संग्रह कर जांच के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उसके बाद से लगातार उन्हें आइसोलेशन में रखकर इलाज चल रहा था। पिछले तीन दिनों से उनकी तबीयत और अधिक बिगड़ गई थी। उन्हें वेंटिलेशन पर रखा गया था।
अस्पताल सूत्रों ने बताया है कि बुधवार तड़के उनके शरीर के अधिकतर अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की है कि तमोनाश की मौत कोरोना से ही हुई है। उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि यह बहुत दुखद है कि विधायक तमोनाश घोष का निधन हो गया है, जो फलता से तीन बार विधायक रह चुके थे और पार्टी के धरोहर थे। 1988 से वे हमारे साथ थे लेकिन आज छोड़ गए। 35 सालों तक उन्होंने साथ निभाया था। वह लोगों और पार्टी के लिए समर्पित थे। अपने सामाजिक कार्यों के जरिए उन्होंने काफी बड़ा योगदान दिया था। उनके जाने से एक ऐसी क्षति हुई है जिसकी पूर्ति कभी नहीं हो सकते। उनकी पत्नी झरना, दोनों बेटियां, दोस्तों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
Share.

Comments are closed.

Exit mobile version