आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव दिल्ली दौरे से रविवार को रांची लौटे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल का गठन और विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की खबरों को लेकर पिछले चार-पांच दिनों में जितनी पतंग उड़ायी गयी, उसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं था।
डॉ उरांव ने बताया कि वह निजी कार्यों से दिल्ली गये थे और यह महज इक्तफाक था कि इसी दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी व्यक्तिगत कारणों से दिल्ली पहुंचे। काम खत्म होने के बाद वापस आ गये। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन का मसला मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और इस संबंध में वही निर्णय लेंगे, लेकिन जहां तक पार्टी के दृष्टिकोण की बात है, तो वह यह कह सकते हैं कि 12वां मंत्री कांग्रेस को दिया जाना चाहिए, लेकिन इसका फैसला मुख्यमंत्री को ही करना है।
बोर्ड गठन के बंंटवारे पर फैसला जल्द
बोर्ड-निगम के बंटवारे के संबंध में डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि जब-जब इस दिशा में कदम उठाये जाते हैं, तो कोरोना संक्रमण के फैलाव के कारण इसे टाल दिया जाता है। स्थिति सामान्य होने पर इसकी प्रक्रिया भी पूरी कर ली जायेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में सरकार की ओर से अच्छे काम किये गये। वह पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने जीवन के साथ जीविका को भी बचाने का पक्ष रखा था। अब धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। जल्द ही सारी चीजें खुलेंगी। उन्होंने कहा कि वह जब भी दिल्ली जाते हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करते हैं। एयरपोर्ट पर डॉ रामेश्वर उरांव का स्वागत करनेवालों में प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता सहित अन्य पार्टी नेता शािमल थे।