रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि आजसू पार्टी 22 जून को पूरे राज्य में संकल्प दिवस मनाएगी। संकल्प दिवस की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान राज्य गठन के उद्देश्य का मूल्यांकन करते हुए राज्य की दिशा और दशा पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान आजसू पार्टी के नेता और पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित भी करेंगे। 13 जुलाई 2023 तक भी विधानसभा में जनपंचायत आयोजित की जाएगी । इसमें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल रहेंगे। अलग अलग विधानसभा में पार्टी के पदाधिकारी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
भगत रविवार को रांची के हरमू रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संकल्प दिवस को लेकर सभी नेताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी दी गई है। इनमें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो रांची, खिजरी एवं सिल्ली, जबकि डुमरी और रामगढ विधानसभा में चंद्रप्रकाश चौधरी एवं सुनिता चौधरी, गोमिया विधानसभा में लम्बोदर महतो, बोकारो एवं चंदनकियारी विधानसभा में उमाकांत रजक सहित अन्य शामिल है।