-मुरादाबाद में भाजपा पश्चिम क्षेत्र की 14 लोकसभा की 71 विधानसभा के अल्पकालिक विस्तारकों की कार्यशाला सम्पन्न
-पीएम मोदी 27 जून को भोपाल से देश के लाखों बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए ‘‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’’ अभियान का करेंगे शुभारम्भ
मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बुधवार को अल्पकालिक विस्तारकों की कार्यशाला में संगठनात्मक प्रशिक्षण देकर बूथ प्रबंधन का मंत्र दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम क्षेत्र के अल्पकालिक विस्तारक कार्यशाला में मुरादाबाद तथा ब्रज क्षेत्र की कार्यशाला में बरेली में प्रशिक्षण दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र की कार्यशाला को कानपुर में तथा अवध क्षेत्र की कार्यशाला को भाजपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में सम्बोधित किया। इसके साथ प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने गोरखपुर क्षेत्र की कार्यशाला में वर्चुअली प्रशिक्षण दिया।
मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होटल ड्राइव इन 24 में भाजपा पश्चिम क्षेत्र की 14 लोकसभा की 71 विधानसभा के अल्पकालिक विस्तारकों की कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 जून को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से देश के लाखों बूथों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करते हुए ‘‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’’ अभियान का शुभारम्भ करेंगे। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक अल्पकालिक विस्तारक भोपाल पहुंचेगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यशाला में आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गांव, गरीब, किसान की खुशहाली सरकार की योजनाओं केन्द्र में है। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार ऐसा हो रहा हैं, जब गरीबों के घर, जल, राशन, दवाई, सुरक्षा व सम्मान के लिए सरकार की योजनाएं समर्पित है तथा देश का सामरिक, आर्थिक तथा सांस्कृतिक विकास भी सरकार की प्राथमिकता में है।
भूपेंद्र सिंह चौहान ने अल्पकालिक विस्तारकों से संवाद करते हुए कहा कि यहां से प्रशिक्षित होकर आपको संगठन के महत्वपूर्ण कार्यों को सम्पादित करने के लिए अन्य प्रदेशों में महत्वपूर्ण सहयोगी के रूप में काम करना है। आप सभी ने यह मार्ग भाजपा की मजबूती तथा वैभवशाली राष्ट्र निर्माण के लिए चुना है। मेरा बूथ-सबसे मजबूत अभियान की आप सभी महत्वपूर्ण कड़ी है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व सभी विस्तारकों को घर-घर जाना है और सरकार की योजनाओं उपलब्धियों को लेकर चर्चा करनी है। उन्होंने कहा कि विस्तारक अपने विधानसभा क्षेत्रों में सामाजिक जुड़ाव और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लें। शक्ति केंद्र संयोजकों व बूथ कमेटियों के साथ तालमेल बनाएं।
प्रदेश महामंत्री ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सुशासन आया है और गुंडाराज खत्म हुआ। वर्ष 2017 से पहले आए दिन लूट, डकैती, हत्याएं होती थी। महिलाओं का घरों से निकलना सुरक्षित नहीं था। मोदी योगी सरकार ने दिखाया दिया कि गरीब कल्याण सेवा कार्य कैसे होते हैं।
पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि पूर्व के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनावों में सभी विस्तारकों ने अपनी ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, जिसकी वजह से भाजपा लोकसभा व विधानसभा चुनावों में पुनः बहुमत के साथ चुनाव जीतीं और केंद्र व प्रदेश की सत्ता में जनता ने फिर से भाजपा को एक और मौका दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने नौ वर्ष में अभूतपूर्व कार्य किए। कोरोना के समय में जहां विश्व की बड़ी-बड़ी अर्थव्यवस्थाएं दम तोड़ती नजर आई, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सबसे तेज गति वाली अर्थव्यवस्था देश बना। आज देश विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
कार्यशाला में क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा व डॉ विकास अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ कश्यप, क्षेत्रीय आईटी संयोजक अम्बर स्वामी, क्षेत्रीय आईटी सह संयोजक विकास तंबोली, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य गोविंद चौधरी, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित्त, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, जिला महामंत्री राजन विश्नोई, महानगर महामंत्री श्याम बिहारी शर्मा, कमल गुलाटी, नत्थूराम कश्यप आदि उपस्थित रहे।