झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने नदिया हिंदू उच्च विद्यालय का नाम बदलने पर जताई आपत्ति

रांची। झारखंड की हेमंत सरकार स्कूलों के नाम बदल रही है। इस बदलाव को लेकर विरोध तेज होने लगा है। लोहरदगा में नदिया हिंदू हाई स्कूल का नाम बदलकर डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कर दिया गया। रामरुद्र प्लस टू हाईस्कूल चास के भी नाम बदले जाने का विरोध हो रहा है।

झारखंड सरकार ने 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के नाम के साथ अब सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जोड़ने की बात की है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा पिछले दिनों आदेश जारी किया गया था। शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, कुछ स्कूलों के नाम बदले गये हैं। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने नदिया हिंदू उच्च विद्यालय का नाम बदले जाने पर आपत्ति जताई है।

नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय की स्थापना आजादी से पहले सन् 1931 में की गई थी। स्कूल की स्थापना घनश्याम दास बिड़ला और स्थानीय लोगों ने मिलकर की थी। इस विद्यालय में स्थापना समय से ही हिंदू-मुस्लिम एवं सभी धर्मों के लोग एक साथ आपसी भाई-चारे के साथ पढ़ते हैं। तब से इस विद्यालय का नाम नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय रहा है। तत्कालीन बिहार सरकार ने जब स्कूल का अधिग्रहण कर इसे सरकारी विद्यालय के रूप में मान्यता दी तो नाम नहीं बदलने की शर्त पर ही विद्यालय को स्थानीय लोगों ने सरकार को सौंपा था लेकिन अब हेमंत सरकार ने राज्य में 80 स्कूलों को उत्कृष्ट विद्यालय का दर्जा दिया है।

ऐसे में इन सभी स्कूलों का पुराना नाम हटाकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय किया जाना है। यहां लोगों की मांग ये है कि स्कूल का नाम मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय नदिया की जगह नदिया हिन्दू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कर दिया जाए। इस संबंध में झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं झारखंड शिक्षा सचिव से मुलाकात करेगा। पूरे विषय वस्तु की जानकारी देते हुए विद्यालय का नाम ना बदलने का आग्रह उनसे किया जायेगा।

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि नदिया हिंदू उच्च विद्यालय का नाम बदले जाने के फैसले से सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ अभिभावकों एवं आम जनता में व्यापक जन-आक्रोश है। सरकार द्वारा ‘नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय’ के नाम को बदलकर उत्कृष्ट विद्यालय की सूची में इसे डालकर इसका नाम मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय किया जाना है जो कि बिल्कुल गलत एवं दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है।

इन विद्यालयों के पुराने नाम में किये गये बदलाव

-आरके प्लस टू गर्ल्स हाईस्कूल गढ़वा नाम से आरके हटाया गया।
-गवर्नमेंट सीडी गर्ल्स हाईस्कूल झुमरीतिलैया नाम से सीडी हटाया।
-एसएसएलएनटी गवर्नमेंट गर्ल्स प्लस टू स्कूल धनबाद से एसएसएलएनटी हटाया गया।
-अपग्रेड प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू स्कूल नावाडीह में रामरुद्र जोड़ कर स्कूल को चास में बताया।
-एसएस गर्ल्स हाईस्कूल रामगढ़ कैंट से एसएस हटाया।
-जिला स्कूल हजारीबाग विद्यालय से जिला हटाया गया।
-पाकुड़ राज प्लस टू स्कूल से राज शब्द हटाया गया।
-गवर्नमेंट नदिया हिंदू हाई स्कूल लोहरदगा से हिंदू शब्द हटाया गया।
-रामरुद्र प्लस टू हाईस्कूल चास से रामरुद्र शब्द हटा कर शुरू में एलएनटी जोड़ा गया।
-झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने इस फैसले की निंदा की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version