-यश मॉडलिंग एजेंसी के संचालक तनवीर अख्तर पर है आरोप
-तनवीर के नेपाल फरार होने का अंदेशा, पुलिस कर रही तलाश
-मॉडल ने पुलिस को सौंपे सबूत
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। बिहार के भागलपुर की युवती से मॉडलिंग के नाम पर रेप करने और लव-जिहाद मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में पुलिस ने बुधवार को मॉडल का बयान दर्ज किया और सदर अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया। मॉडल ने तनवीर के खिलाफ कई सबूत पुलिस को सौंपे हैं। उधर, आरोपी तनवीर नेपाल फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यश बन कर दिया धोखा:
गौरतलब है कि मॉडल मानवी राज सिंह ने रांची की यश मॉडलिंग कंपनी के संचालक तनवीर अख्तर खान उर्फ यश के खिलाफ दुष्कर्म, अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेलिंग, धर्मांतरण कर जबरन शादी का दबाव बनाने और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पहले मुंबई के वर्सोवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। इसे बाद में रांची के गोंदा थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। गोंदा पुलिस मॉडल से पूछताछ करने मुंबई गयी थी। इसी क्रम में मानवी बुधवार को गोंदा थाना पहुंची।
पुलिस ने बयान किया दर्ज:
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने मानवी का बयान दर्ज कर लिया है। उसने आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत सौंपे। मॉडल ने पुलिस को कई जानकारियां दी। इसके बाद पुलिस मॉडल को अपने साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंची। वहां मॉडल का मेडिकल टेस्ट कराया गया।
आरोपित तनवीर अख्तर नेपाल फरार:
सूत्रों के मुताबिक इस बीच आरोपित तनवीर अख्तर नेपाल भाग गया है। उसने रांची से बिहार के गया और पूर्णिया-अररिया के रास्ते बॉर्डर पार किया है। उसका कोई परिचित भी उसके साथ है। उसने मोबाइल फोन भी बंद कर लिया है। वहीं पुलिस की टीम आरोपी के बिहार के शेरघाटी स्थित पैतृक गांव में दबिश दे रही है। उसके परिजनों से लगातार पूछताछ की जा रही है।