-योग के संदेश के प्रसार में मीडिया के योगदान के लिए दिए जाएंगे 33 पुरस्कार

नई दिल्ली। योग के संदेश के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 33 मीडिया संस्थानों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान से नवाजा जाएगा। शुक्रवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान की घोषणा की और इसके लिए आवेदन मांगे हैं।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान 2023 के तहत 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में प्रिंट, टेलीविजन और रेडियो को 33 सम्मान दिए जाएंगे। प्रिंट, टेलीविजन और रेडियो श्रेणी के लिए 11-11 सम्मान निर्धारित किए गए हैं, जिसमें “समाचार पत्रों में योग में सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज”, “इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (टीवी) में योग में सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज” और “इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (रेडियो) में योग में सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज” शामिल हैं।

वर्ष 2023 के पुरस्कारों की घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कोशिशों के कारण हर साल 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ने दुनिया भर में स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए एक जन आंदोलन का रूप ले लिया है। उन्होंने आगे कहा कि योग ने दुनिया भर में लाखों लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जागरूकता फैलाने और योग की परिवर्तनकारी क्षमता को प्रदर्शित करने में मीडिया का अहम रोल रहा है। मीडिया की अहम भूमिका को देखते हुए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान का दूसरा संस्करण आयोजित करने का निर्णय लिया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version