देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाथूराम गोडसे पर दिए बयान से प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस पार्टी त्रिवेंद्र सिंह रावत के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है। शुक्रवार को देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला फूंका।
इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोगी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान गाहे बगाहे भाजपा नेता करते रहें हैं लेकिन एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री का ऐसा बयान हतप्रभ करने वाला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता के हत्यारे का महिमामंडन भारत राष्ट्र के विचार और संविधान पर कुठाराघात है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्रवाई करें।
प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमारी एक ही मांग है, मुख्यमंत्री धामी अपने वरिष्ठ नेता त्रिवेंद्र सिंह के बयान पर स्पष्टीकरण दें तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।