-रक्षा सहित हर क्षेत्र में भारत आत्म निर्भर, केन्द्र की टॉप सूची पर उत्तराखंड
-2027 आते-आते भारत दुनिया के टॉप 03 देशों में शामिल हो सकता है
देहरादून। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत रक्षा सहित हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। हम आयातक नहीं अब निर्यातक बन गये हैं। भारत के प्रति अब विश्व का 180 डिग्री नजरिया बदला है। उत्तराखंड भले छोटा राज्य है, लेकिन मोदी सरकार की विकास सूची में यह टॉप पर है। सोमवार शाम रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाथी बड़काला स्थित सर्वे स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रबुद्ध सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर रही है, जो अपने विरोधियों को करारा जवाब देने की क्षमता के साथ शांति का ध्वजवाहक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को देख रहा है। देश को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जमीन तैयार की जा रही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि पहले का भारत और अब का भारत अलग है। भारत के प्रति अब दुनिया की धारणा 180 डिग्री बदल गई है। पहले भारत की बातों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गंभीरता से नहीं लिया जाता था। आज भारत क्या बोल रहा है, सारी दुनिया आंख और कान खोल कर देखती और सुनती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी में काम करने की अद्भुत क्षमता है। उनके काम और नेतृत्व में भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है। पश्चिमी देशों के नेताओं की अप्रूवल रेटिंग 38 प्रतिशत है जबकि नरेन्द्र मोदी को अप्रूवल रेटिंग 78 प्रतिशत है। यह दुनिया में भारत का सम्मान है। यहां तक की चीनी नागरिक भी सोचते हैं मोदी अन्य नागरिकों से अलग हैं। ऐसी धारणा जन ओपिनियन को प्रभावित करती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार में आने के बाद उत्तराखंड के विकास में अनुकूलता पैदा हुई है। आज राज्य में 09 महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से विकास की नई राह खुली है। राज्य में 04 हजार होम सटे पंजीकृत हैं। इतने अल्प समय में इतनी परियोजना पर काम करना राज्य के आमजन के लिए सुखद है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। आज उत्तराखंड का 5 हज़ार करोड़ का रेल बजट है। यही पहले 2 हजार करोड़ हुआ करता था। धामी को प्रो-एक्टिव मुख्यमंत्री बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के सभी मुख्यमंत्रियों ने उत्तराखंड के विकास में बहुमूल्य योगदान दिया।
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि आर्थिक दृष्टि से 2027 आते-आते भारत दुनिया के टॉप 03 देशों में शामिल हो सकता है। दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था भारत है। भारत की विकास दर 2047 तक 26 विलयन डॉलर होगी। ये अब का भारत है। एपल सहित तमाम मोबाइल कंपनी भारत में अपना उत्पादन कर रही हैं। 2014 से 23 तक भारतीयों की आय दोगुनी हो गई है।
उन्होंने कहा कि 4.2 फीसद महंगाई भारत में है ,लेकिन विश्व में ज्यादा है। कोरोना महामारी के बावजूद भारत अपनी अर्थव्यवस्था को लड़खड़ाने नहीं दिया। अमेरिका के बैंक लड़खड़ा गये हैं। भारत तेज़ी के साथ आगे बढ़ रहा है। कोरोना में भारत की कुशल प्रबन्धन को विश्व ने लोहा माना। भारत सबकी चिंता करने वाला है। 100 देशों को टीका देने का काम भारत ने किया। रसिया और यूक्रेन युद्ध 25 और 26 हजार बच्चे को प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में देश लाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोच के अनुरूप रक्षा सहित हर क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। आज दुनिया के 25 देशों में भारत एक्सपोटोर बन गया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले कुछ वर्षों में सरकार के उठाए गए कदमों ने देश के समग्र विकास, सामाजिक एकजुटता और लोगों को फिर से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत जोड़ा है। उन्होंने कहा कि संसद में अटल जी ने इंदिरा को दुर्गा कह कर संबोधित किया। हम संविधान और देश की व्यवस्था के अनुसार कार्य करते हैं। आज डिजिटल लेनदेन से 100 फीसद सरकारी धन लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। व्यक्ति की नियत देखिए मोदी सरकार की नियत साफ है। नीति पर बहस नहीं, नीतियों पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कॉमन सिविल कोड के लिए ग़लत धारणा बनाई जा रही है और वोट बैंक की राजनीति की जा रही है। राजनीति समाज और देश बनाने के लिये की जानी चाहिए। हिन्दू, मुस्लिम, ईसाई सभी भारत मां के सपूत हैं। कुछ लोग गुमराह करते हैं। विदेशी ताकतें भी नापाक हरकतें करती हैं। भारत विश्व को अपना परिवार मानता है। द्वेष पैदा ठीक नहीं। किसी को उतेजना में नहीं आना चाहिए। अल्पसंख्यक भाइयों को समझना चाहिए। राजनीति शब्द आज अर्थ और सद्भभाव खो चुका है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह,राज्य सभा सांसद नरेश बंशल, भाजपा महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, लोकगायक बसंती विष्ट, मेजर जनरल आनंद सिंह रावत,भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।