-बिपरजॉय से पहले गुजरात-मुंबई के तटीय इलाकों में आंधी-बारिश

आजाद सिपाही संवाददाता

पोरबंदर/मुंबई। अरब सागर में उठा तूफान बिपरजॉय गुजरात की ओर बढ़ रहा है। यह तूफान 15 जून की दोपहर को कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को तूफान कुछ कमजोर हुआ है, हालांकि यह अब भी खतरनाक ही है। 15 जून को जब यह गुजरात तट से टकरायेगा, तो 150 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तूफान के चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी है, जिसमें सात लोगों की मौत की खबर है।

जानकारी के मुताबिक तूफान के चलते गुजरात और महाराष्ट्र में हुई पांच मौतों में दो बच्चे भी शामिल हैं। ये बच्चे भुज के हैं। इन पर दीवार गिर गयी थी। राजकोट में एक महिला पर पेड़ गिर गया। वहीं, मुंबई के जुहू बीच पर घूमने गये पांच में से चार लड़के समुद्र में डूब गये थे। मंगलवार को इनके शव बरामद हुए।

कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी जिले में 14-15 जून के दौरान अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। तूफान के चलते 15 जून को कच्छ, द्वारका, जामनगर में 20 जून तक बारिश होने की संभावना है। इसके चलते निचले इलाकों में बाढ़ आने का अनुमान है। मछुआरों को 16 जून तक समुद्र में ना जाने को कहा गया है। गुजरात में 14 जून के लिए आॅरेंज अलर्ट और 15 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के समुद्र किनारे रेड अलर्ट के लिए फ्लैग लगाया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version