आजाद सिपाही संवाददाता
पटना/रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पटना में आयोजित विपक्षी दल की बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि लोकतंत्र में कुछ चीजों पर बहुत तेजी से प्रहार हो रहा है। आज आम लोग, किसान, मजदूर, बेरोजगार नौजवान के अंदर गुस्सा है। हम सभी एक ईमानदार सोच के साथ आगे बढ़ेंगे और जीतेंगे। यह लड़ाई देश और संविधान को बचाने की है। हमारी यह लड़ाई संघीय ढांचे को बचाने की है। हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि इस देश की दुनिया में अनेकता में एकता की एक छवि रही है, जिसका लोहा आज से नहीं बल्कि सदियों से लोगों ने माना है। बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि आज अलग- अलग विचारधारा के लोग यहां मिले हैं। कई चीजों को ध्यान में रखते हुए, आज की वर्तमान परिस्थिति आम लोगों के सहूलियत के हिसाब से चीजों को स्थापित किया गया। हम सब आज यहां सीएम नीतीश की मेहनत से एकजुट हुए हैं। इसके लिए उन्होंने नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया।

ये लोग हुए शामिल
नीतीश कुमार के निमंत्रण पर बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत 15 विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में 6 राज्यों के मुख्यमंत्री और 5 पूर्व मुख्यमंत्री हुए। पं. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह गुरुवार को ही पटना पहुंच गए थे। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार सुबह पटना पहुंचे थे। इसके साथ ही एनसीपी से शरद पवार, शिवसेना से उद्धव ठाकरे, सपा से अखिलेश यादव, डीएमके से एमके स्टालिन, जेएमएम से हेमंत सोरेन, सीपीएम से सीताराम येचुरी, सीपीआई से डी राजा, सीपीआई-एमएल से दीपांकर भी शुक्रवार को पटना पहुंचे थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version