जमशेदपुर से झामुमो के प्रत्याशी और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने जमशेदपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे पर गंभीर आरोप लगाये हैं। श्री मोहंती ने कहा है कि उन्होंने पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा के तमाम बूथों के मैनेजमेंट की जवाबदेही आनंद बिहारी दुबे को दी थी. उनको प्रति बूथ छह हजार रुपये खर्च करने थे।
इस हिसाब से एक विधानसभा सीट के लिए कुल 25 लाख रुपये दिये थे. पर उन्होंने प्रति बूथ छह हजार में से दो हजार रुपये निकाल लिये और केवल चार हजार रुपये ही बांटे. एक राष्ट्रीय पार्टी के जिलाध्यक्ष की ऐसी ओछी हरकत पूरे संगठन को कलंकित करने वाली है।
कांग्रेस नेता ने ओछी हरकत की : समीर मोहंती
समीर मोहंती ने कहा है कि चुनाव हारना या जीतना अलग बात है, लेकिन कांग्रेस नेता ने ओछी हरकत की है। उन्होंने कहा है कि पूर्वी जमशेदपुर में 1.04 लाख से ज्यादा वोटों से हमें मात खानी पड़ी. लोकसभा प्रत्याशी श्री मोहंती ने पत्र की कॉपी मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो नेता विनोद पांडेय को भी भेजी है।
पहली बार किसी प्रत्याशी ने बूथ खर्च का रोना रोया
राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों का चुनावी खर्च दिनों-दिन बढ़ रहा है. प्रत्याशियों को बूथ मैनेजमेंट में बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती है. हालांकि यह खर्च सार्वजनिक नहीं होता. समीर मोहंती ने पहली बार बूथ खर्च का रोना रोया है. उन्होंने बताया है कि एक बूथ पर छह हजार रुपये खर्च करने पड़े हैं।
यह रकम बड़ी हो सकती है
जमशेदपुर लोकसभा में छह विधानसभा सीटें हैं. ये सीटें हैं जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका और जुगसलाई. अन्य पांच विधानसभा सीटों को जोड़ कर देखा जाये, तो प्रत्याशी का चुनावी खर्च प्रति बूथ की दर से भारी भरकम हो जायेगी. प्रत्याशी श्री मोहंती ने पूर्वी जमशेदपुर के 295 बूथ पर ही 6,000 रुपए की दर से खर्च किये।
झामुमो प्रत्याशी की जुबानी उनका चुनावी खर्च
प्रति बूथ : 6000 रुपए
पूर्वी जमशेदपुर में : 295 बूथ
बूथ पर कुल खर्च : 17,70,000
कांग्रेस नेता को दी गयी राशि : 25 लाख
जमशेदपुर लोकसभा में कुल विधानसभा क्षेत्र : 6
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में कुल बूथ : 1887