रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव अब करीब है। अगले तीन महीने बाद चुनाव हो सकते हैं। इसे देखते हुए पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू भी कर दी है। प्रदेश कार्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चुनाव को देखते भाजपा ने आरोप पत्र समिति, घोषणा पत्र समिति गठित करने के अलावा अन्य कई कार्यक्रमों की तैयारी की है। आरोप पत्र समिति में सीपी सिंह, भानु प्रताप शाही, अमित मंडल, अरुण उरांव, गीता कोड़ा, केदार हाजरा, बिरंची नारायण, शशांक राज, सुनीता सिंह को शामिल किया गया है। घोषणा पत्र समिति में बूथ स्तर से भी जनता की राय लेकर उसे शामिल किया जायेगा। इसमें उनके अलावा अर्जुन मुंडा, अमर बाउरी, अन्नपूर्णा देवी, नवीन जयसवाल, अनंत ओझा, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा, वीडी राम और संजय सेठ को भी शामिल किया गया है।

6 जुलाई तक होगा पौधरोपण कार्यक्रम
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जाने का टास्क दिया गया है। प्रदेश भाजपा भी इसकी तैयारी में लगी है। 6 जुलाई तक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दादी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के समय 25 जून को देश भर में आपातकाल लागू किया गया था। मीडिया पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। इसे याद करते काला दिवस मनाया जायेगा। 30 जून को मन की बात कार्यक्रम हर बूथ पर सुना जायेगा। 30 जून को ही हुल दिवस मनेगा। श्याम प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में एक देश, दो विधान, दो निशान नहीं चलेगा को लेकर उन्होंने अनशन किया था, उनकी गिरफ्तारी हुई। जेल में हत्या कर दी गयी। 23 जून को बलिदान दिवस और 6 जुलाई को जन्मदिवस है। पर्यावरण को बचाने की खातिर मां के नाम पर पौधा लगाया जायेगा। कार्यकर्ता के साथ साथ जनता की भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। लोकसभा चुनाव में एनडीए को 81 लाख वोट प्राप्त हुए। राज्य की जनता ने भाजपा का साथ दिया, उसे लेकर एक बड़ा कार्यक्रम होगा। अभिनंदन सह विजय दिवस 6 जुलाई से 12 जुलाई तक मनेगा। 20 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मोरहाबादी मैदान में आयोजित की जायेगी। अगस्त में महिला, युवा मोर्चा की तरफ से कार्यक्रम होंगे। हर आयोजन के लिए अलग- अलग समिति बनी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version