-सीएम ने जमशेदपुर के बुरुडीह डैम का किया अवलोकन
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रविवार को पूर्वी सिंहभूम स्थित बुरुडीह डैम का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अवलोकन के क्रम में बुरुडीह डैम को राष्ट्रीय स्तर पर एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किये जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिये। कहा कि हमारी सरकार राज्य के कई नये पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। झारखंड प्राकृतिक सुंदरता के दृष्टिकोण से बहुत ही आकर्षक राज्य है। यहां पर्यटन की प्रबल संभावनाएं हैं। यही कारण है कि सरकार राज्य में चिह्नित कई धार्मिक, आध्यात्मिक स्थलों सहित पहाड़, डैम, फॉल आदि आकर्षक जगहों को विकसित करने के उद्देश्य से कार्य योजना बना रही है।
डैम का पानी किसानों को उपलब्ध करायेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के समय ही व्यक्तिगत रूप से जंगल से घिरे हुए इस ऐतिहासिक बुरुडीह डैम की खूबसूरती से परिचित हूं। इस डैम का सर्वांगीण विकास हो, यह पहले से ही मन में था। इस डैम का पानी बुरुडीह के आसपास के किसानों को मिले, इसी उद्देश्य से सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर सेक्टर में विकास की एक लंबी लकीर खींचने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सभी मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरुडीह डैम का सौंदर्यीकरण कार्य सहित राष्ट्रीय स्तरीय पर्यटन के सभी जरूरी व्यवस्थाओं को एक निश्चित समय सीमा के अंदर पूरा करना सरकार का लक्ष्य है। यहां गेस्ट हाउस, खेल मैदान, पार्क निर्माण समेत अन्य क्षेत्र में सभी कार्य प्राथमिकता के तौर पर किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से लोग इस पर्यटन स्थल में आकर यहां की खूबसूरती का आनंद ले सकें। इसके लिए डैम को कनेक्ट करनेवाली सड़क सहित बिजली, पानी और पर्यटकों के ठहरने की पूरी सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरुडीह डैम को विकसित कर घाटशिला क्षेत्र को एक नयी पहचान देनी है। मौके पर मुख्यमंत्री ने पौधरोपण किया और पेड़ों में रक्षासूत्र बांधकर संरक्षित करने का संदेश दिया।

अधिकारियों को दिया टास्क
मुख्यमंत्री ने अवलोकन के दौरान अधिकारियों से राज्य सरकार द्वारा बुरुडीह डैम में की जाने वाली कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग, वन विभाग और पूर्वी सिंहभूम जिला के अधिकारियों को बेहतर तालमेल और समन्वय बना कर बुरुडीह डैम के विकास कार्य को निश्चित समय सीमा के अंतर्गत मूर्त रूप देने का निर्देश दिया।

इनकी रही मौजूदगी
विधायक रामदास सोरेन, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, एसएसपी जमशेदपुर किशोर कौशल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version