-अपराधियों में प्रशासन का भय खत्म, सरकार मौन
रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची में बढ़ती अपराधी घटना पर चिंता व्यक्त की। कहा कि राजधानी में पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों का क्या हाल होगा। राजधानी रांची में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। अपराधियों में प्रशासन का भय खत्म हो गया है। बता दें कि बिरसा चौक में ज्वेलर्स दुकान में कुछ अज्ञात अपराधियों द्वारा करीब डेढ करोड़ के आभूषण लूट लिये गये और ज्वेलर्स दुकान के संचालक रामनाथ वर्मा और उनके बेटे ओम वर्मा को गोली मारकर घायल कर दिया।
दिल्ली से रांची पहुंचने पर साकेत नगर हिनू उनके आवास जाकर उनके परिवार जनों से मिलकर संजय सेठ ने घटना की पूरी जानकारी ली और पारस हॉस्पिटल जाकर घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इस सरकार में अपराधी को खुली छूट मिली हुई है। इधर एक महीने में कई लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। राजधानी में व्यापारी हो या आमजन, सब में भय व्याप्त है। पूरा सिस्टम ध्वस्त हो गया है। श्री सेठ ने प्रशासन से रांची में कानून व्यवस्था अविलंब दुरुस्त करने को कहा।