रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेता सक्रिय हो गये हैं। इसे लेकर असम के मुख्यमंत्री सह झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा शनिवार को रांची पहुंचे। उन्होंने भाजपा के प्रमुख जनजातीय नेताओं से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। एयरपोर्ट से वे सबसे पहले सीधे सीता सोरेन के आवास पर गये। इसके बाद भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष समीर उरांव से मुलाकात की। इसके बाद अरुण उरांव, सुदर्शन भगत से मिले, इसके बाद गीता कोड़ा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके रांची स्थित आवास पर मिले। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह मौजूद थे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश का चुनाव सह प्रभारी अभी अभी बना हूं। इसे समझने और जानने के लिए यहां के नेताओं से मुलाकात कर रहा हूं। यहां की स्थिति परिस्थिति समझने के बाद आगे क्या निर्णय होना चाहिए, इसपर विचार करेंगे।

हेमंत सोरेन की जमानत को लेकर किये गये सवालों का भी जवाब दिया। हिमंता बिस्वा सरमा ने हेमंत सोरेन की जमानत पर कहा कि हर दिन कई लोग जेल जाते हैं और हर दिन कई लोगों को बेल मिलती है। इसका काउंटिंग करना भाजपा का काम नहीं है। उन्होंने हेमंत की गिरफ्तारी के पीछे साजिश के सवाल पर कहा कि यह तब सही लगता जब झारखंड में भ्रष्टाचार नहीं होता। यहां तो भ्रष्टाचार चरम पर है। आपराधिक घटनाएं बढ़ीं हैं। पेपर लीक हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में हुए लोकसभा चुनाव में लोगों ने भाजपा के पक्ष में वोट देकर आखिर क्या मैसेज दिया। लोगों ने बताया कि वह यहां की सरकार से खुश नहीं है। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि संथाल में घुसपैठ रुकवाना, लव जिहाद को रुकवाना हमारी पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई गलत तरीके से घुसपैठ कर यहां की आदिवासी लड़कियों से शादी ना करे, इसे रोकना है। भाजपा के मेनिफेस्टो में इस मुद्दे को शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में मुख्य मुद्दा बेरोजगारी, विकास और घुसपैठ है। उन्होंने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद से गठजोड़ वाली सरकार में भ्रष्टाचार भी चरम पर है। अब मुख्य मुद्दा क्या बनेगा, इसपर रणनीति बनेगी। उन्होंने कहा कि इस बार झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version