रांची। विधायक बनने के बाद पहली बार कल्पना सोरेन विधानसभा क्षेत्र गांडेय पहुंचीं। इस दौरान जनता और जनप्रतिनिधियों से मिल कर गांडेय की समस्याओं की नब्ज टटोलने का प्रयास करती दिखीं। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर उसके समाधान का निर्देश भी दिया। कुछ समस्याओं के निदान को लेकर ऑन द स्पॉट निर्देश दिया। विधायक को पहली बार अपने बीच पाकर जनता का दिल भी बाग-बाग हुआ। कोई माला पहना कर तो कोई जोहार कर अभिनंदन करता दिखा। कल्पना सोरेन भी जनता के बीच हाथ जोड़ कर आभार जताती नजर आयीं। कई जगहों पर उन्होंने महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली। कल्पना सोरेन तीन दिनों तक गांडेय की जनता के बीच रहेंगी। इस दौरान जन समस्याओं से नजदीक से रू-ब-रू होंगी। साथ ही इसके निदान की दिशा में भी पहल करेंगी। कल्पना सोरेन से मिलने काफी संख्या में लोग जुटे। कई मुखिया भी इस दौरान कल्पना सोरेन से मिले और गांडेय इलाके की जनसमस्या कर चर्चा की। इस दौरान सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी कल्पना सोरेन के साथ मौजूद थे।
आते ही अधिकारियों के साथ की बैठक
विधायक कल्पना सोरेन ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में पहुंच कर आमजनों का आभार प्रकट किया और उनकी समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। गिरिडीह स्थित सर्किट हाउस में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक कर कई निर्देश भी दिये। इस दौरान राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद भी थे। डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, डीडीसी दीपक दुबे, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ के अलावे कई अधिकारी मौजूद रहे। कल्पना सोरेन ने सबसे पहले सभी अधिकारियों से एक-एक कर परिचय लिया और इसके बाद गांडेय विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिये।
धरातल पर दिखेगा काम: कल्पना
इस दौरान कल्पना सोरेन ने कहा कि चुनावी प्रचार-प्रसार के दौरान गांडेय की जनता से पहली बार मुखातिब होने का मौका मिला। अब विधायक बनने के बाद पहली बार उनके पास जाकर उनकी समस्याओं को जानने का मौका मिला है। अब आमने-सामने लोग खुल कर विधायक से मिल पायेंगे। अभी तक कागजों पर कितना काम चल रहा है और वह काम धरातल पर कितना हुआ है, यह देखना होगा। जनता की समस्याओं का निदान सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर करके दिखायेंगे। काम करके दिखाना है, बोल कर काम करने वालों पर विश्वास नहीं करती। यहां की जनता ने चुना है, तो काम करके दिखाऊंगी। आनेवाले चार महीने के अंदर बहुत कुछ करना है।